हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मैंगो मेला न केवल किसानों और आम उत्पादकों को आम की विभिन्न किस्मों के प्रदर्शन का अवसर प्रदान करता है, बल्कि उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक उपयुक्त मंच भी उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और विश्व में होने वाले कुल आम उत्पादन का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा भारत में ही होता है।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार कृषि के साथ-साथ पशुपालन, बागवानी, मत्स्य पालन और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित कर रही है। इस दिशा में किसानों के हित में अनेक योजनाएं और कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे खेती में कीटनाशकों (पेस्टिसाइड्स) का कम से कम उपयोग करें तथा प्राकृतिक खेती को अपनाकर स्वस्थ एवं टिकाऊ कृषि व्यवस्था को बढ़ावा दें।
अपने स्वागत भाषण में विरासत एवं पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि 33वें आम मेला का भव्य आयोजन शिवालिक की तलहटी में बसे पिंजौर में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश का किसान जोखिम से मुक्त होकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती को एक जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह तीन दिवसीय कार्यक्रम ‘विकसित भारत 2047’ के कृषि संबंधी संकल्पों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी,पंचकूला के महापौर श्री श्यामलाल बंसल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक श्री पार्थ गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


