इस अवसर पर संबोधित करते हुए हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पर्यटन एवं बागवानी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए जा रहे 33वें मैंगो मेले में आम की 200 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मेले में हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के आम उत्पादकों द्वारा आम की बेहतरीन किस्में प्रदर्शित की गई हैं, जो मेले का विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि आम फलों का राजा होने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। आम के पत्तों का उपयोग धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ में भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है, ताकि लोगों को स्वस्थ एवं गुणवत्तापूर्ण अनाज उपलब्ध हो सके और वे निरोगी जीवन व्यतीत कर सकें। डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि मैंगो मेले के दौरान किसानों के लिए अनेक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है। इसके तहत ‘आम रत्न’ और ‘आम केसरी’ पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।


