हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद के दौरे पर आ रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री हरियाणा को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि यह दौरा प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान करेगा तथा सड़क, रेल, स्वास्थ्य और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। जींद स्थित स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि प्रधानमंत्री की जनसभा को इको-फ्रेंडली स्वरूप दिया जाएगा। जनसभा में अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, ईंधन की बचत तथा पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और संगठन की ओर से सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रामराज शर्मा, डिप्टी स्पीकर के मीडिया सहयोगी सनी मग्गू तथा भाजपा जिला जींद आईटी सेल के प्रमुख विकास भी उपस्थित रहे।
हाइड्रोजन तकनीक की दिशा में ऐतिहासिक कदम
डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि प्रधानमंत्री जींद से देश की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि यह स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल होगी तथा भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण में नया अध्याय जोड़ेगी।
स्वास्थ्य, रेल और सड़क अवसंरचना को मिलेगा बड़ा विस्तार
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री भिवानी और नारनौल मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण करेंगे, जिससे दक्षिण हरियाणा के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा चिकित्सा शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 5.84 किलोमीटर लंबे कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन किया जाएगा। इससे शहर के प्रमुख रेलवे फाटकों पर लगने वाले यातायात जाम से राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री अंबाला–काला अंब फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, दिल्ली–कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड तथा जींद–गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352ए) से संबंधित परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
सिख म्यूजियम और नई सड़क परियोजनाओं का होगा शुभारंभ
डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि कुरुक्षेत्र में बनने वाले आधुनिक सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री करेंगे। इसमें दसों सिख गुरुओं के इतिहास पर आधारित वर्चुअल गैलरी, आधुनिक पुस्तकालय (लाइब्रेरी) तथा लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था होगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा हांसी–बरवाला फोरलेन परियोजना तथा बीकानेर–सिवानी–सोनीपत सड़क संपर्क परियोजना के शुभारंभ से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
प्रदेश के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध
डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हरियाणा के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं से सड़क एवं रेल नेटवर्क सुदृढ़ होगा, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा, व्यापार और उद्योग को नई गति मिलेगी तथा प्रदेश की आर्थिक प्रगति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जींद सहित पूरे हरियाणा की जनता प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साहित है तथा ऐतिहासिक जनसभा को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।


