
पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), चंडीगढ़ का दौरा किया तथा संस्थान के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों (एचओडी) के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में संस्थान की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में यूटी चंडीगढ़ के गृह एवं चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान सचिव श्री मंदीप सिंह बराड़, माननीय राज्यपाल के प्रधान सचिव श्री आर.के. सिंह तथा जीएमसीएच के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान माननीय प्रशासक ने विभागाध्यक्षों से संवाद कर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागों के समक्ष आ रही समस्याओं एवं चुनौतियों की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, आधारभूत संरचना तथा मरीजों की देखभाल को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए।
माननीय प्रशासक ने जीएमसीएच, चंडीगढ़ को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक आधारभूत संरचना, उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा मरीज-केंद्रित सुविधाओं से युक्त उत्कृष्ट संस्थान (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की आधारभूत संरचना एवं सेवा प्रदायगी में निरंतर सुधार संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि मरीजों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अपने दौरे के दौरान माननीय प्रशासक ने प्रोजेक्ट सारथी (Students’ Alliance for Responsible Action to Transform Healthcare Institutes) के अंतर्गत सेवाएं दे रहे स्वयंसेवकों से भी बातचीत की। यह स्वयंसेवी पहल मरीजों एवं उनके परिजनों को अस्पताल की विभिन्न सेवाओं तक सहज पहुंच बनाने, उनके अस्पताल अनुभव को बेहतर बनाने तथा संवेदनशील एवं मानवीय स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
माननीय प्रशासक ने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल मरीजों को बेहतर सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ अधिक संवेदनशील एवं उत्तरदायी स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी सेवाएं जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि प्रोजेक्ट सारथी का शुभारंभ 3 मई, 2026 को जीएमसीएच में चंडीगढ़ प्रशासन के एनएसएस सेल के सहयोग से किया गया था। इस पहल का उद्देश्य मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराना तथा अस्पताल में उनके समग्र अनुभव को अधिक सहज एवं सुविधाजनक बनाना है।


