पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षो में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से अनेक कार्यक्रम व योजनाएं चलाई है जिसका लाभ आज देश के करोड़ों किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक खेती पर विशेष ध्यान दिया है और उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार भी प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती के दुष्परिणाम आज समाज के सामने स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। कीटनाशकों एवं रासायनिक तत्वों के अवशेष हमारे खाद्य पदार्थों के माध्यम से मानव शरीर तक पहुंच रहे हैं तथा नवजात बच्चों तक भी इनका प्रभाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी भूमि, जल, पर्यावरण तथा आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाएं और एक स्वस्थ वातावरण का निर्माण करें।
इस अवसर पर हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, महानिदेशक राजनारायण कौशिक, उपायुक्त सतपाल शर्मा, मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे व भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


