हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि उन्हें विभिन्न अवसरों पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से मिलने और उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है। जब भी उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिला, उन्होंने कुछ न कुछ नया सीखने की प्रेरणा प्राप्त की। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की उनकी कार्यशैली, अनुशासन, अथक परिश्रम, दूरदर्शी सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण प्रत्येक जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और आधारभूत ढांचे के निर्माण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री ने देश को नई सोच, नई ऊर्जा और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और तेजी से विकसित हो रहे राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।
श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और विकासोन्मुखी नीतियों का लाभ हरियाणा को भी व्यापक रूप से मिला है। विशेष रूप से सड़क संपर्क और पेयजल सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदेश ने ऐतिहासिक प्रगति दर्ज की है, जिससे लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा को 1,390 किलोमीटर लंबे 22 राष्ट्रीय राजमार्ग मिले हैं। इसका परिणाम यह है कि आज प्रदेश का प्रत्येक जिला राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ चुका है। बेहतर सड़क संपर्क ने लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने के साथ-साथ व्यापार, उद्योग, कृषि और निवेश को भी नई गति प्रदान की है। मजबूत सड़क अवसंरचना हरियाणा के तीव्र विकास की आधारशिला बनकर उभरी है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन “हर घर में नल, नल में स्वच्छ जल” को साकार करने की दिशा में हरियाणा ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के लगभग 31 लाख ग्रामीण घरों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है। यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन में सुविधा, सम्मान और बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने वाला अभियान है।
उन्होंने कहा कि सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रधानमंत्री की सोच आज धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। सड़क और पेयजल क्षेत्र में हुए व्यापक कार्य आने वाले वर्षों में भी हरियाणा की प्रगति को नई गति प्रदान करेंगे।


